Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

रेलवे स्टेशन पर सो रहे गरीब व्यक्ति पर जीआरपी सिपाहियों ने दिखाई गुंडागर्दी, जूते से मारी कई ठोकरें, दबाया पैर, वायरल हुआ वीडियो

Mathura: 23 सेकेंड के वीडियो में जीआरपी सिपाहियों का अमानवीय चेहरा सामने आया है. एसपी जीआरपी मुश्ताक अहमद ने बताया कि वीडियो पुराना है, लेकिन दोनों सिपाहियों को निलम्बित कर दिया गया है.

वीडियो ग्रैब

Edited by Nitish Pandey

UP News: मथुरा रेलवे स्टेशन पर सो रहे गरीब पर दो जीआरपी सिपाहियों ने इस तरह कहर बरसाया कि फटी चादर ओढ़कर सो रहा गरीब व्यक्ति बिलबिला उठा और रहम की भीख मांगने लगा, लेकिन सिपाहियों का दिल नहीं पसीजा. जब जीआरपी सिपाहियों के अमानवीय चेहरे का यह 23 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आनन-फानन में उच्चाधिकारियों ने वीडियो की जांच कराने के बाद दोनों को सस्पेंड कर दिया.

सूत्रों के मुताबिक, यह घटना मथुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक की है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि. एक गरीब व्यक्ति फटी चादर ओढ़े सो रहा है और दो रेलवे पुलिसकर्मी सो रहे व्यक्ति के मुंह पर पहले टॉर्च मारते हैं, फिर एक पुलिसकर्मी उसके पैरों को अपने जूतों से कुचलने लगता है. इस पर सो रहा व्यक्ति चौंक कर उठ जाता है और फिर छोड़ देने की गुहार लगाने लगता है. इतने में दूसरा सिपाही अपने जूते से उसकी पीठ पर ठोकर मारता हुआ दिखाई देता है. दर्द होने पर गरीब पुलिसकर्मियों की तरफ देखता है. इसके बाद पुलिसकर्मी उससे कुछ बात करते हैं. तभी दूसरा पुलिसकर्मी उसके पीठ पर फिर से लात मारता है. फिर पैरों की तरफ खड़ा पुलिसकर्मी सो रहे व्यक्ति के पैरों पर फिर जूते रखकर खड़ा हो जाता है. यह वीडियो होली के दिन यानी 8 मार्च की रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें-UP News: बकरी ने दिया इंसानी चेहरे वाले बच्चे को जन्म! देखने के लिए उमड़ी भीड़, हैरान कर रही हैं आंखें

जब यह घटना गरीब के साथ घटित हो रही थी, तभी यह वीडियो वहां पर मौजूद किसी शख्स ने बना लिया था और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो की जानकारी होते ही दोनों को सस्पेंड कर दिया गया.

इस सम्बंध में एसपी जीआरपी मुश्ताक अहमद ने मीडिया को बताया कि वीडियो पुराना है, लेकिन इस वीडियो के सामने आने के बाद इसकी जांच कराई गई और फिर दोनों सिपाहियों की पहचान कर उनको निलम्बित कर दिया गया है. दोनों की पहचान जीआरपी के हेड कॉन्स्टेबल परविंदर और कॉन्स्टेबल विजय के रूप में हुई है. मामले की जांच सीओ आगरा GRP को सौंपी गई है.

सिपाहियों ने दी सफाई

इस पूरे मामले को लेकर आरोपित जीआरपी सिपाहियों ने सफाई देते हुए अपने अधिकारियों को बताया है कि, व्यक्ति नशे में था. वह उल्टी कर रहा था. साथ ही, वहां की महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था. इसी शिकायत के आधार पर उन्होंने उसे प्लेटफॉर्म से हटाया. इस पर जब रेलवे स्टेशन पर लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए तो सिपाहियों के दावों की पुष्टि नहीं हो सकी. इसी के बाद दोनों को सस्पेंड कर दिया गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital