Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

“मैंने कारगिल युद्ध लड़ा, लेकिन मेरा बेटा…”, रोंगटे खड़े कर देगी नूंह हिंसा में मारे गए होमगार्ड जवान नीरज के पिता की आपबीती

नीरज का परिवार गुरुग्राम बाजिदपुर में रहता है. इसी जगह मुस्लिमों के 50 परिवार भी रहते हैं. बेटे की मौत पर नीरज के पिता भावुक हो गए.

Nuh Violence

Nuh Violence

Nuh Violence: नूंह से फैली हिंसा की आग हरियाणा के कई जिलों में फैल चुकी है. दो गुटों की हिंसक झड़प में अब तक 6 लोगों की जान गई है. सैकड़ों गाड़ियां फूंक दी गईं. घरों को आग के हवाले कर दिया गया. पांच जिलों में इंटरनेट ठप है. इस झड़प में दो पुलिस के जवानों की भी गोली लगने से मौत हो गई है. होमगार्ड नीरज ने भी हिंसा में अपनी जान गंवा दी. नीरज का परिवार गुरुग्राम बाजिदपुर में रहता है. इसी जगह मुस्लिमों के 50 परिवार भी रहते हैं. बेटे की मौत पर नीरज के पिता भावुक हो गए. उन्होंने एक मीडिया चैनल से बातचीत की. उन्होंने कहा कि मैंने देश की सेवा की. मैंने कारगिल में लड़ाई लड़ी है. मुझे गर्व है कि मेरा बेटा कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गया. नीरज का कल पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.

नीरज के पिता का कहना है कि सांप्रदायिक तनाव भड़काने वाले लोग गलत हैं. कोई भी धर्म इसकी इजाजत नहीं देता. मैं अपने पोते-पोतियों को भी देश की सेवा के लिए भेजूंगा. वहीं, नीरज की पत्नी ने कहा, “मैं सरकार से अपील करती हूं कि दोनों समुदाय के बीच की इस हिंसा को रोके. मैं नहीं चाहती कि मेरी तरह कोई और भी बहन विधवा हो.

यह भी पढ़ें: हरियाणा हिंसा पर फिल्मी सितारों ने जताई चिंता, अभिनेता धर्मेंद्र बोले- ये कहर…क्यों…किसलिए? बख्श दे मालिक…

अब तक 44 एफआईआर दर्ज

सीएम मनोहर लाल ने कहा है कि मामले में अब तक 44 एफआईआर दर्ज की गई हैं. वहीं 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है. सीएम ने कहा कि केंद्रीय बलों की 16 कंपनियां और हरियाणा पुलिस की 30 कंपनियां नूंह में तैनात है. इस बीच खबर आ रही है कि विश्व हिंदू परिषद बुधवार को देशभर में मार्च करने जा रही है. प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है. नूंह, मेवात सहित हरियाणा के पांच जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है. वहीं बागेश्वर धाम सरकार के नाम से मसहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा है कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलने चाहिए.

नूंह में सांप्रदायिक झड़प की वजह?

सोमवार को विश्व हिंदू परिषद ने ‘बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा’ निकाली. जुलूस शुरु होने के 10 मिनट बाद खेड़ला मोड़ के पास दोनों गुटों के बीच झड़प शुरू हो गई. दोपहर करीब 2 बजे नूंह कस्बे से 200 से ज्यादा लोग पैदल चलने लगे. इसके बाद भारी भीड़ ने जुलूस पर पथराव कर दिया. शुरुआत में हिंदू पक्ष भाग गया, लेकिन बाद में उन्होंने जवाबी कार्रवाई की. जवाबी कार्रवाई के दौरान कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया. मस्जिदों में आग लगा दी गई. घरों को भी आग के हवाले कर दिया गया है.

इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नूंह हिंसा पर राज्य के गृह मंत्री अनिल विज और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की है. सीएम ने इलाके में शांति बहाल करने को लेकर आदेश दिया है. वहीं, राज्य के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कहा कि जो लोग हरियाणा में शांति भंग करना चाहते थे, उन्होंने नूंह में हिंसा की साजिश रची, क्योंकि अधिकारियों ने पिछले दिन की हिंसा के बाद जिले में कर्फ्यू लगा दिया था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest