Bharat Express DD Free Dish

Gorakhpur: “हर जरूरतमंद को मिले पक्के आवास की सुविधा”, जनता दर्शन के दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश

जनता दर्शन में इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकने पाएगा.

जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ

-आशीष शाही

Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन भी जरूरतमंदों को अभी पक्का मकान नहीं मिल पाया है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के दायरे में लाकर पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि राजस्व व पुलिस से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाए. साथ ही जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को कड़ा कानूनी सबक सिखाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. साथ ही कहा है कि अधिकारी जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखें और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें.

बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने ये निर्देश सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए दिए. मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे और सबकी समस्याओं को सुनते हुए आश्वस्त किया कि हर समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी व संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाएगा. मालूम हो कि जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 500 लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं जनता दर्शन में मौजूद रहीं और अपनी समस्या को खुलकर सीएम के सामने रखा. इस मौके पर देवरिया से आई एक महिला ने आवास की समस्या बताई. इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत मंडलायुक्त को निर्देश दिया कि महिला की समस्या को संवेदनशीलता से देखें. महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया जाए. जमीन कब्जा करने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए.

ये भी पढ़ें- Gyanvapi Masjid Survey Live Updates: कोर्ट के आदेश पर शुरू हुआ ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे, ASI की 30 सदस्यीय टीम अंदर मौजूद

इलाज के लिए दिए ये निर्देश

इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकने पाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एस्टिमेट की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराएं. शासन से इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. हर बार की तरह इस बार भी जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को दुलारकर मुख्यमंत्री ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दिया. इसी के साथ बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और खूब पढ़ने के लिए प्रेरित भी किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read