Bharat Express DD Free Dish

बिहार में हनुमान मंदिर के महाआरती के वक्त पुलिस ने भांजी लाठियां, 7 से अधिक लोग घायल

आक्रोशित लोगों की मांग है कि प्रत्येक मंगलवार को यहां महाआरती का आयोजन होता है, ऐसे में पुलिस लाठीचार्ज की जरूरत क्यों पड़ी.

घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात

Dimple Yadav Edited by Dimple Yadav

बिहार के नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र में हनुमान महाआरती के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने से करीब छह से सात लोग घायल हो गए. स्थानीय लोग अब दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग कर रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक मंगलवार की तरह कल (मंगलवार) की शाम को अंबेर चौक के पास हनुमान मंदिर में महाआरती की जा रही थी. इस दौरान वहां बड़ी भीड़ इकट्ठा हो गई.

आरोप है कि इसी दौरान बिहार पुलिस पहुंची और आवागमन बाधित होने को लेकर कुछ श्रद्धालुओं से बकझक हो गई. इसके बाद पुलिस ने श्रद्धालुओं पर लाठी बरसा दिया. लाठीचार्ज के बाद वहां मौजूद बजरंग दल के कई कार्यकर्ता उग्र हो गए और जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया. उनकी मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए.

आक्रोशित लोगों की मांग है कि प्रत्येक मंगलवार को यहां महाआरती का आयोजन होता है, ऐसे में पुलिस लाठीचार्ज की जरूरत क्यों पड़ी. घटना की सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस उपाधीक्षक डॉ शिब्ली नोमानी भी पहुंचे.

ये भी पढ़ें- Tour Package: कम पैसों में करना चाहते हैं दुबई की सैर तो IRCTC टूर पैकेज में कराएं बुकिंग, काफी सस्ता है ये विदेशी ट्रिप

पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्र ने कहा कि लोगों द्वारा एक आवेदन पुलिस को सौंपा गया है. मामले की निष्पक्ष जांच वरीय स्तर से की जाएगी. उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, इस पर कारवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अफवाह में नहीं आने की अपील की है.

24 घंटे के अंदर कार्रवाई की लोगों ने की मांग 

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम को खोला गया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने यह चेतावनी दे दी कि अगर 24 घंटे के अंदर निलंबन की कार्रवाई नहीं होती है तो पूरे शहर को बंद करवा देंगे. वहीं, मौके पर पहुंचे एसडीएम अभिषेक पलासिया ने बताया कि लोगों के द्वारा दिए गए आवेदन को उन्होंने ले लिया है और उचित कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया है. उन्होंने कहा कि इस आवेदन को वरीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा और उनके द्वारा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read