Bharat Express DD Free Dish

Chandrayaan-3 Landing: भारत ने रचा इतिहास, चांद पर उतरा चंद्रयान-3, पूरे देश में जश्न

Chandrayaan-3 Landing: चंद्रयान-3 ने 14 जुलाई को उड़ान भरी थी और 5 अगस्त को अहम पड़ाव के दौरान चंद्रमा की कक्षा में दाखिल हुआ था.

chandrayaan-3

चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम (फाइल फोटो)

Chandrayaan-3 Landing: अंतरिक्ष की दुनिया में भारत ने बुधवार को ऐतिहासिक पड़ाव पार किया है. भारत का चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग कर गया है. लैंडर विक्रम ने इसरो द्वारा तय समय शाम 6.04 बजे चांद के सतह पर उतरा. इस टचडाउन से पहले इसरो के कंट्रोल रूम में गहमा-गहमी देखने को मिली. इसरो के वैज्ञानिक पल-पल लैंडर के पैरामीटर चेक कर रहे थे. आखिरी 10 मिनटों के दौरान पीएम मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ चुके थे. जैसे ही चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद की सतह पर कदम रखा, इसरो सेंटर में तालियां गूंज उठीं और सभी एक दूसरे को बधाई देने लगे. इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने भी चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी.

वहीं इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग पर पीएम मोदी ने कहा कि जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है. ये नए भारत का सूर्योदय है. पीएम मोदी ने कहा कि हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया…भारत अब चंद्रमा पर है. इससे पहले कोई भी देश वहां (चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव) तक नहीं पहुंचा है. हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं.

यह पूरे मानवता की सफलता- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है…यह सफलता पूरी मानवता की है. पीएम ने कहा कि कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं. वहीं चंद्रयान-3 की सफलता पर इस प्रोजेक्ट से निदेशक पी. वीरमुथुवेल ने कहा कि हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास जाने वाले पहले देश बन गए हैं.

ये भी पढ़ें: Chandrayaan 3 LIVE: चंद्रयान की चांद पर सफल लैंडिंग, दुनिया ने देखी ISRO की ताकत, पीएम मोदी बोले-ऐतिहासिक क्षण

जैसे ही चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद की सतह पर कदम रखा, पूरा देश खुशी से झूम उठा. आखिरी क्षणों में लैंडर जैसे-जैसे चांद की सतह के करीब आ रहा था, धड़कनें बढ़ रही थीं. हालांकि उम्मीद के मुताबिक लैंडर अपने तय रूट पर रहा और आखिर में वह पल आ गया जिसका पूरे देश को इंतजार था. चांद के साउथ पोल पर उतरने के साथ ही ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read