Bharat Express DD Free Dish

AIADMK ने तोड़ा BJP से नाता, NDA से अलग होने का किया ऐलान, क्या I.N.D.I.A. का हिस्सा होगी जयललिता की पार्टी?

AIADMK-BJP Alliance: केंद्र में सत्तारूढ़ दल भाजपा को दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु से बड़ा झटका लगा है. वहां ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

AIADMK BJP News: दक्षिण भारत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अहम सहयोगी दल रहे ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) ने BJP को बड़ा झटका दे दिया. AIADMK अब BJP की अगुवाई वाली गठबंधन का हिस्सा नहीं रहेगी, इस बारे में आज ऑफिशियल ऐलान कर दिया गया है.

AIADMK तमिलनाडु में बड़े जनाधार वाली पार्टी है, जिसकी चीफ जयललिता थीं. AIADMK के मौजूदा नेतृत्व का आरोप है कि बीते एक साल से राज्य की BJP लीडरशिप की तरफ से ‘अनावश्यक बयानबाजी’ की जा रही थी. BJP नहीं चाहती थी कि AIADMK को पूरी आजादी हो. AIADMK नेताओं की बैठक के बाद पार्टी के उप समन्वयक के पी मुनुसामी ने कहा, “AIADMK आज से BJP और NDA से सभी रिश्ते तोड़ रही है.”

AIADMK के बयान में अभी कहा गया, “BJP का राज्य नेतृत्व पिछले एक साल से लगातार हमारे पूर्व नेताओं, हमारे महासचिव ईपीएस (एडापड्डी पलानीस्वामी) और हमारे कार्यकर्ताओं पर अनावश्यक टिप्पणी कर रहा है. ऐसे में हम साथ कैसे रह सकते हैं? हम अलग हो रहे हैं. इस​लिए, आज की बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.”

भाजपा से अलग होने की खुशी में फोड़े पटाखे

BJP से गठबंधन तोड़ने के बाद AIADMK के वर्करों ने पटाखे फोड़े. तमिलनाडु में कई जगहों पर पटाखों का शोर गूंजा. BJP से अलग होने के बाद बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि AIADMK अगला चुनाव किसके साथ लड़ेगी? क्या वह कांग्रेस की अगुवाई वाले I.N.D.I.A. अलायंस का हिस्सा बनेगी?

NDA और ‘I.N.D.I.A से अलग लड़ा जाएगा चुनाव?

AIADMK से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एआईएडीएमके 2024 के लोकसभा चुनाव में एक अलग मोर्चे का नेतृत्व कर सकती है. बहरहाल, देश में इस समय दो प्रमुख गठबंधन हैं. एक BJP के नेतृत्व वाला NDA है तो दूसरा कांग्रेस, टीएमसी और आम आदमी पार्टी सहित 28 दलों वाला विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A’ है.

AIADMK के अलग होने के ऐलान के बाद तमिलनाडु की BJP इकाई का बयान अभी नहीं आया है. हालांकि, कुछ समय पहले तमिलनाडु भाजपा के चीफ ने कहा था कि पीएम मोदी की अगुवाई में पार्टी दक्षिण भारत में जीत के झंडे गाड़ेगी.

यह भी पढ़िए: राजस्थान का मौसम बदल चुका है- जयपुर में कांग्रेस पर पीएम मोदी का हमला

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read